चम्पावत को 165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जनपद को 165.68 करोड़ रुपये की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इनमें से 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ ही विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का संकल्प अब धरातल पर आकार ले रहा है। इन विकास योजनाओं से सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे।

कार्यक्रम में टनकपुर और बनबसा की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि दोनों क्षेत्रों में 86.83 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में करीब 7.7 किलोमीटर लंबी नालियों का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें:  आंगनबाड़ीकार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान, आंगनबाड़ीकार्यकत्रियों ने सीएम धामी का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखंड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। यहां आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य गतिमान है। कॉरिडोर की कुल प्रस्तावित लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक है।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मां पूर्णागिरि धाम में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बनबसा में करीब 502 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें:  भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर निर्णायक कार्रवाई कर रही धामी सरकार

पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार को भी सरकार ने प्राथमिकता में रखा है। लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही 55.53 करोड़ रुपये की लागत से साइंस सेंटर और करीब 20 करोड़ रुपये से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है।

**पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित**

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर कार्य करने वाले पांच लोगों को सम्मानित किया। इनमें टनकपुर के बस्टिया गांव निवासी त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, बनबसा के गुदमी गांव की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखंड में पहली बार पेश हुई Alma Harmony तकनीक; देहरादून के Skin Station Clinic ने ClearSkin Pro के साथ की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इन लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आदर्श चम्पावत का विकास केवल एक जनपद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *