शहर की सुंदरता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, सार्वजनिक संपत्ति और सौन्दर्यीकरण कार्यों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई : बंशीधर तिवारी

  • सहस्त्रधारा रोड पर डिवाइडर से फूल उखाड़ने की घटना का एमडीडीए ने लिया संज्ञान, फूल उखाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

देहरादून: देहरादून शहर की हरियाली और सौन्दर्यीकरण को बनाए रखने के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा चलाए जा रहे व्यापक अभियान के बीच सहस्त्रधारा रोड पर डिवाइडर में लगाए गए फूलों को उखाड़ने की घटना सामने आई है। निरीक्षण के दौरान सामने आई इस घटना को प्राधिकरण ने गंभीरता से लेते हुए इसे शहर की सुंदरता और सार्वजनिक संपत्ति के साथ खिलवाड़ करार दिया है। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के दिशा-निर्देशों के क्रम में देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण तथा सजावटी फूल-पौधों का रोपण कराया जा रहा है। शहर को स्वच्छ, हरित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से एमडीडीए द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सहस्त्रधारा रोड, राजपुर रोड समेत अन्य महत्वपूर्ण मार्गों के डिवाइडरों को रंग-बिरंगे मौसमी फूलों और सजावटी पौधों से सजाया गया है। इस पहल से शहर की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और राहगीरों को भी एक सुखद वातावरण मिल रहा है।

एमडीडीए की टीम द्वारा इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में हाल ही में सहस्त्रधारा रोड पर किए गए निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि डिवाइडर पर लगाए गए कई फूलों और पौधों को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उखाड़ दिया गया है। प्राधिकरण की टीम ने मौके की तस्वीरें भी संकलित की हैं, जिनसे स्पष्ट होता है कि लगाए गए पौधों को जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया गया है।

ये भी पढ़ें:  मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन ने अपने चौथे वर्ष में मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप का किया विस्तार, अब 250 मेधावी MBBS छात्रों की शिक्षा को मिलेगा वित्तीय सहयोग

प्राधिकरण के अनुसार इस प्रकार की घटनाएं न केवल शहर की हरियाली और सौन्दर्यीकरण को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि सरकारी संसाधनों से किए जा रहे विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। सार्वजनिक धन से किए गए इन प्रयासों को नुकसान पहुंचाना एक गंभीर मामला है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि शहर की सार्वजनिक संपत्ति और सौन्दर्यीकरण कार्यों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और निगरानी को भी और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ये भी पढ़ें:  अपर निजी सचिव परीक्षा-2024 का परिणाम जारी, कृष्णा स्टेनोग्राफर एवं टाइपिंग सेंटर के छात्रों ने लहराया परचम

प्राधिकरण ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे देहरादून की हरियाली और सुंदरता को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाने या उखाड़ने जैसी गतिविधि करते हुए देखा जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल प्राधिकरण अथवा प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

एमडीडीए का मानना है कि देहरादून की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली से है। इसे संरक्षित और समृद्ध बनाए रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के साथ प्राधिकरण द्वारा शहर को स्वच्छ, हरित और व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून शहर की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली को बनाए रखना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण तथा सजावटी पौधों का रोपण कराया जा रहा है। यह प्रयास न केवल शहर के सौन्दर्यीकरण को बढ़ावा देता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के बेहतर जीवन स्तर से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सहस्त्रधारा रोड पर लगाए गए फूलों को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उखाड़े जाने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार की गतिविधियां शहर की छवि को धूमिल करने के साथ-साथ सरकारी संसाधनों की भी क्षति करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे शहर की हरियाली की रक्षा में प्रशासन का सहयोग करें और सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

ये भी पढ़ें:  अपर निजी सचिव परीक्षा-2024 का परिणाम जारी, कृष्णा स्टेनोग्राफर एवं टाइपिंग सेंटर के छात्रों ने लहराया परचम

सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और डिवाइडरों पर लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड पर किए गए निरीक्षण के दौरान कुछ फूलों को उखाड़े जाने की घटना सामने आई है, जिसकी तस्वीरें भी टीम द्वारा संकलित की गई हैं। उन्होंने कहा कि शहर के सौन्दर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे ऐसे असामाजिक तत्वों की सूचना प्रशासन को दें और शहर की हरियाली को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *